8.10.11

बनारसी मस्ती के बीच कवि "कौशिक" की एक ग़ज़ल


( बनारसी मस्ती के वर्णन में एक-दो शब्द बनारसी स्पेशल गाली का भी प्रयोग हुआ है। जिसके लिए मैं उन पाठकों से पूर्व क्षमा याचना करता हूँ जिन्हें खराब लगता है।  अश्लील लगता हो  तो कृपया न पढ़ें। इनके प्रयोग के बिना वर्णन अधूरा होता, मजा नहीं आता।)


जल्दी में हों तो बनारस मत आना। यह नैनीताल नहीं कि दिन में नैया पर घूमे, शाम को माल रोड पर चहलकदमी करी, थोड़ी खरीददारी करी, बीयर-सीयर पीया और होटल में जाकर, खाना खाकर, दुबक गये रजाई में। एक दिन में बनारस घूमना तो क्या ठीक से देखना भी नहीं हो पायेगा। जैसे मंदिर में इत्मिनान से जाते हैं। बाहर चप्पल उतारकर श्रद्धा से शीश झुकाते हुए प्रवेश करते हैं, शांत भाव से जुड़ते हैं भगवान से, हां...ठीक वैसे ही आना बनारस। चंचलता की पोटली अपने शहर में छोड़कर।

बनारस की नींद धीरे-धीरे खुलती है, आहिस्ता-आहिस्ता जागता है यह शहर। बड़ी सी तोंद लटकाये तेज-तेज चलने वाले किसी व्यक्ति को देखकर मत समझना कि वो किसी जल्दी में है। आगे चलकर ठहरेगा। घंटों चाय या पान की दुकान में बैठकर देश की चिंता करेगा। हर चुस्की में करेगा बात नये घोटाले की,  हर पीक थूकेगा किसी भ्रष्ट नेता का नाम लेकर। चाय वाला जल्दी से नहीं देता चाय। जानता है कि इसे चाय नहीं, चर्चा की चाह खींच लाई है। चाय तो यह घर में भी पी लेता। पान वाला जल्दी से नहीं देगा पान। मानता है कि इसे पान खाने की कोई जल्दी नहीं है। पान तो वह किसी को भेजकर भी मंगा लेता। घाट में उतरोगे तो नाव वाला आपको देखते ही समझ जायेगा कि आप किस दर्जे के हो। धनपशु हो, लोभी हो या रसिक। आप जैसे हो ठीक वैसे ही पेश आता है यह शहर। चाय की दुकान पर खड़े होकर हड़बड़ी करोगे तो दुकानदार कह देगा...”आगे बढ़ा ! चला जा !! वहाँ जल्दी मिल जाई।“ पान वाला कह सकता है...”हमरे यहां पान नाही हौ !”

लंका में सौ साल की एक बुढ़िया जिलेबी बेचती है। सभी उसे बुढ़िया दादी कहते हैं। सुबह होते ही उसकी दुकान में कचौड़ी-जिलेबी खाने वालों की भीड़ लगी रहती है। आपको बनारसी गाली सुनने का शौक हो तो चले जाइये वहाँ और बुढ़िया से बस इतना कह दीजिए...”हमको जरा जल्दी चाहिए, जरूरी काम से जाना है।“ बुढ़िया तमतमा कर कहेगी...”अचरज कs चोदल हउआ..? मेहरारू के लगे जाये कs जल्दी हौ ? इतना लोग खड़ा हउन तोहे पहिले काहे दे देई ? जा ! हमरे इहां नाहीं हौ जलेबी।“ लोगों को उसकी गाली सुनकर क्रोध नहीं आता, मजा आता है।  लोग जानबूझ कर उसे चिढ़ाते हैं ताकि बुढ़िया और गाली दे। गाली मानो बुढ़िया का आशीर्वाद है जिसे यहां के मौजी लोग जरूर प्राप्त करना चाहते हैं।

यहां के लोग घलुआ के बहुत शौकीन हैं। घलुआ मतलब थोड़ा और। थोड़ा और.... जो मुफ्त में मिले। सब्जी खरीदेंगे तो घलुए में धनियाँ-मिर्चा मांग लेंगे। मलैयो खरीदेंगे तो पूरा पुरूवा चट कर चुकने के बाद...थोड़ी मीठी दूध। कुछ खाने पीने की चीजों के साथ तो दुकानदार भी इतने अभ्यस्त हो चुके हैं कि वो बिना मांगे घलुआ दे देंगे। यह आपको जानना है कि किसके साथ घलुआ मिलेगा, किसके साथ नहीं। अब जिलेबी वाली बुढ़िया से आप घलुआ मांगेंगे तो वह आपको घलुए में ढेर सारी बनारसी गालियाँ दे देगी ! आप अभ्यस्त नहीं हैं तो बुरा मान जायेंगे।  

यहां कोई किसी की परवाह नहीं करता। कोई नहीं डरेगा आपके रूतबे से। होंगे आप लॉट गवर्नर। जहां के हैं, वहीं के बने रहिए । पान घुलाये, चबूतरे पर चुपचाप बैठा पागल सा दिखने वाला शख्स, जिसे आप बहुत देर से बौड़म समझ रहे थे, अचानक से उठकर एक झटके में आपके विद्वदापूर्ण उपदेश का तीया-पांचा कर सकता है। थोड़ी-थोड़ी दूर पर है चाय पान की अड़ी। छोटी बड़ी चर्चा के बीच बनते बिगड़ते रहते हैं शब्द। एक ही दुकान पर चाय पीते हैं प्रोफेसर, नेता, रिक्शावान, मजदूर या सरकारी बाबू। भ्रष्टाचार पर अन्ना हजारे के समर्थन में लम्बा भाषण देने वाले विश्वविद्यालय के प्रोफेसर को बोल सकता है दुकान में काम करने वाला, मुंह लगा किशोर... (जिसे आप बबलू या किसी भी नाम से पुकार सकते हैं)....”काहे न बोलबा बाऊ...! पचास हजार तनखा पावला न ! अइबे करी भाषण। दिन भर इहां भाषण देवला...कब पढ़ावला लइकन के ? ई भ्रष्टाचार नाहीं हौ ?” आस पास खड़े लोगों के ठहाकों के बीच झल्ला कर चीखता है प्रोफेसर...”चुप सारे..! जा गिलास धो..।“ लड़का मुस्कुराता है....”हमें तs चुप कराइये देबा। मगर ई मत समझ्या कि ........।“ गुरूजी फिर चीखते ... ”चुप..! अबकी बोलबे तs पटक के मारब ! (चाय वाले से) का मालिक ! एहके आज दिनभर धूप में खड़ा करा ! एकर दिमाग चढ़ गयल हौ।“ ढीठ नौकर हंसता, बुदबुदाते हुए भागता....”कउनो गुरू के घरे मिठाई नाहीं आयल अबकी गुरू पूर्णिमा के.....! हे देखा..पंडीजी भी आ गइलन ! बिना नहाये...!  कोई कहेगा....काहे ? लाल, गोल चंदन तs लगइले हौवन ! (बबलू पलट के, हाथ नचाते हुए) ..चंदन ! ई चंदन हौ ? शीशी में रोली धैइलेहौवन मेहरारू कs ! ललाट में भभूत पोत के शीशी उलट देवलन..! हो गयल स्नान ! बहुत बड़ा ढोंगी हउवन। अब्बे देखिया...अउते कहियें...नहाये में देर हो गयल।“ दुकानदार डांटता...”कौनो दिन बहुत मरइबे अउर हम छुड़ाए न आइब। चुप रहबे कि नाहीं ?” वह देर तक चुप नहीं रह पाता। कोई न कोई छेड़ देता...का बेटा ! आज कुछ बोलत नाहीं हौए ! डंटा गइले का ? वह फिर शुरू हो जाता।

एक दिन अस्सी चौराहे पर, चाय की दुकान में, कवि कौशिक से भेट हो गई। कौशिक जी का पूरा नाम श्री रवीन्द्र उपाध्याय है। उम्र 70 के पार। सेवा निवृत्त स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी। इनको इनके पद से कोई नहीं जानता। अपनी बेहतरीन गज़लों के लिए ही जाने जाते हैं। कई गज़ल संग्रह प्रकाशित और वर्तमान में काशी के कवियों के भीष्म पितामह। इस उम्र में भी उनकी रोज की अड़ीबाजी और बनारसी मस्ती देखते ही बनती है। मैने कहा..”चाय पी लीजिए गुरूजी।“ उन्होने इनकार कर दिया..”अभी पीया हूँ..आप पी लीजिए।“ ऐसा कैसे हो सकता है ? एक कप तो पी ही लीजिए। मेरे जिद पर दुकानदार से कहने लगे...”झांटांश..! झांटांश..!!” मैं शब्द सुनकर सकपका गया। ई का गुरूजी..? कोई नया शब्द गढ़े हैं का..? हंसते हुए बोले... यह अस्सी है। यहां रोज शब्द बनते-बिगड़ते रहते हैं। झांटांश का क्या अर्थ हुआ..? कवि बोले... किसी भी वस्तु की न्यूनतम मात्रा को झांटांश कहते हैं। मैं सुनकर धन्य हुआ। और लोग जो दुकान पर बैठे थे, इस चमत्कारिक शब्द का नया श्रोता पा बहुत खुश हुए। जहाँ 70 के पार विद्वान और सम्मानित गज़लकार तथा 100 के पार की बुढ़िया एक समान रफ्तार से फर्राटेदार गाली दे सकते हों, उस लोक का आनंद, आप ऊपर ही ऊपर बस् भीड़-भाड़ देखकर चले जायेंगे तो क्या पायेंगे ?

एक नवयुवक कवि कौशिक के पास आया और झुंझलाकर बोला..गुरूजी बहुत दिन से एक गज़ल लिखत हई..ससुरा लिखौते नाहीं हौ। भाव बनत हौ तs काफिया उड़ जात हौ, काफिया सही करत हई तs मीटर गड़बड़ा जात हौ..का करी ? कवि जी उतनी ही तेजी से उठे। अभी-अभी जमाये पान के पीक को पच्च से थूककर अपने भारी जिस्म के साथ दुकान के भीतर चबूतरे पर लद्द से बैठते हुए बोले.....

न  गाने  से, न रोने से, ग़ज़ल का जन्म होता है
सजल आँखों के कोने से, ग़ज़ल का जन्म होता है

ह्रदय तोड़े सुह्रद कोई, नयन सींचा करें  निशि-दिन
पुराना  दर्द  बोने  से,  ग़ज़ल का  जन्म होता है

न  रोगी  व्यक्त कर पाये,  न शल्यक वेदना बूझे
चिकित्सा कुछ न होने से, ग़ज़ल का जन्म होता है

सभी साधन सुलभ हों सिद्धि के, लेकिन किसी कारण
क्वचित्  असमर्थ  होने से, ग़ज़ल का जन्म होता है

न जगने से, न सोने से, न चाँदी से, न सोने से
वरन्  सर्वस्व  खोने से, ग़ज़ल का जन्म होता है

विरह के कूप में “कौशिक” नेह की डोर से कसकर-
कलश मन का  डुबोने से, ग़ज़ल का जन्म होता है
........................................................................

कहना न होगा कि कवि कौशिक की इस एक ग़ज़ल ने चर्चा के पूरे माहौल को देखते ही देखते फर्श से उठाकर अर्श पर पहुँचा दिया।......

( पोस्ट लम्बी हो रही है। बनारसी अनुभव और कवि कौशिक के अन्य ग़ज़लों की चर्चा फिर कभी।)

4.10.11

अरे...! यह तो मुझसे भी बेचैन है...!!



कल मनोज जैसवाल जी के ब्लॉग के माध्यम से एक विजेट लिया। यही जो दिख रहा है....दौड़ता हुआ आदमी। इसके बाद जब भी ब्लॉग खोलता, इसी दौड़ते हुए आदमी पर नज़र ठहर जाती। मुझे लगा यह तो मुझसे भी बेचैन है..! आज सुबह इसी पर एक कविता लिख दिया। सुबह जल्दी में पोस्ट नहीं कर पाया तो अभी कर रहा हूँ। कविता का शीर्षक है....दौड़। बताइये न कैसी है..?

दौड़

दौड़ नशे में दौड़
और छलक के दौड़।

जब तक तन में साँस है
जब तक मन में फाँस है
जब तक चौचक भूख है
जब तक गहरी प्यास है

आँख मूंद के दौड़
और हचक के दौड़।

नहीं कभी थकने वाला
नहीं कभी रूकने वाला
और और ही कहता है
और नहीं सुनने वाला

छोटी धरती छोड़
कम्प्यूटर में दौड़।

जिस दिन तू थक जायेगा
जिस दिन तू रूक जायेगा
सभी हंसेंगे तुझ पर, तू
ठगा खड़ा रह जायेगा

राम नाम सत्य है
झूठ मूठ की दौड़।
.....................

1.10.11

क्या बतलाएँ बापू तुमको दाने कहाँ गये...!


उड़ गए पंछी, सो गए हम 
हमको है लुटने का गम

क्या बतलाएँ बापू तुमको दाने कहाँ गये !

जब उजले पंछी आए थे
हम उनसे टकराए थे
थे ताकतवर, नरभक्षी थे
पर हमने दूर भगाए थे

जान लड़ाने वाले वे दिवाने कहाँ गये !
क्या बतलाएँ बापू तुमको दाने कहाँ गये !

गैरों से तो जीते हम
अपनो से ही हारे हम
कैसे-कैसे सपने देखे
नींद खुली आँखें थीं नम

बजुके पूछ रहे खेतों के दाने कहाँ गये !
क्या बतलाएँ बापू तुमको दाने कहाँ गये !

भुना रहे हैं एक रूपैय्या 
जाने कैसे तीन अठन्नी
पैर पकड़ कर हाथ मांगते
अब भी अपनी एक चवन्नी

मुठ्ठी वाले हाथ सभी ना जाने कहाँ गये !
क्या बतलाएँ बापू तुमको दाने कहाँ गये !

तुलसी के पौधे बोए थे
दोहे कबीर के गाए थे
सत्य अहिंसा के परचम
जग में हमने फहराये थे

नैतिकता के वे ऊँचे पैमाने कहाँ गये !
क्या बतलाएँ बापू तुमको दाने कहाँ गये !

..................................................................

24.9.11

रखता हूँ अपनी जेब में अब छुपा के हाथ...


गज़ल लिखने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। यह विधा मुझे बहुत कठिन लगती है। कभी कभार हिमाकत कर बैठता हूँ। गलतियाँ बतायेंगे तो सुधारने का प्रयास करूंगा। सुधार देंगे तो और भी अच्छी बात हो जायेगी।


गुजरे हैं फिर करीब से वो उठा के हाथ
करते थे बात देर तक जो मिला के हाथ

वादे पे उनके हमको इतना यकीन था
करते थे याद नींद में हम हिला के हाथ

उठ जाये ना भूल से फिर उनको देखकर
रखता हूँ अपनी जेब में अब छुपा के हाथ

मिल जायेगा अगर कहीं पहुँचा हुआ फकीर
पूछेंगे इसका राज तब हम दिखा के हाथ

करता हूँ अब तो दूर से सबको मैं सलाम
जब से गई है जिंदगी मुझसे छुड़ा के हाथ

...........................

20.9.11

संकट मोचन की मंगला आरती।



मैं बनारस में पैदा हुआ, असंख्य बार संकट मोचन मंदिर गया लेकिन कभी मंगला आरती नहीं देखी। मंगला आरती सुबह साढ़े चार बजे होती है। समय इतना कठिन है कि सुबह उठकर स्नान ध्यान के पश्चात सारनाथ से संकट मोचन ( लगभग 15 किमी दूर ) जाना कभी संभव न लगा। विगत दो माह से बच्चों की पढ़ाई के चक्कर में लंका में ही किराये का कमरा लेकर रह रहा हूँ। कल जब श्री कैलाश तिवारी ने हमेशा की तरह कहा कि तू कब्बो मंगला आरती में संकट मोचन नाहीं गइला अउर हमें देखा तs हम तोहरे से भी 10 किमी दूर रहिला लेकिन आज 25 साल से ऐसन एक्को मंगल ना भयल कि हमार आरती छूट गयल हो ! हम उनका चेहरा देखते रह गये। सेवा निवृत्त होने के पश्चात भी मास्टर साहब इतनी दूर मोटर साइकिल चला कर हर मंगलवार सुबह 4 बजे संकट मोचन मंदिर पहुंच जाते हैं और मैं इनके बार-बार ताव दिलाने के बाद भी एक दिन नहीं जा सका ! लेकिन अगले ही पल खयाल आया अब क्या है, अब तो हम भी जा सकते हैं ! अब तो मैं संकट मोचन से मात्र आधे किमी दूर रह रहा हूँ। उनसे कह दिया..तोहू का याद करबा......काल मंगलवार हौ...हम आवत हई। बहुत तारीफ कइला...हमहूँ देखि कैसन होला मंगला आरती ! मैने उन्हें नहीं बताया कि मैं अब सारनाथ में नहीं संकट मोचन के पास ही रह रहा हूँ। उन्हें मेरी बात पर यकीन नहीं हुआ। तू का अइबा...10 साल तs हमे कहत भयल हो गयल। कहा तs हम तोहरे घरे आ जाई सबेर तीन बजे...सारनाथ। मैने घबड़ाकर कहा..नाहीं तिवारी जी, आप हमरे घरे मत आवा हम काल जरूर आइब। खाली हमें फोन करके जगा दिया । तिवारी जी बोले.....ठीक हौ तs हम फोन करब। उन्होने सख्त चेतावनी दी....अ काल ना अइला तs एकर पेनाल्टी भुगते के तैयार रहे।बात आई गई हो गई। काम की व्यस्तता में मैं अपना वादा भूल चुका था। सोने में काफी देर हो चुकी थी। कई बार फोन की घंटी बजी तो नींद में ही उठा कर देखा...कौन इतनी रात में फोन कर रहा है ! कैलाश तिवारी...नाम पढ़कर चौंक गया। नींद जाती रही। समय देखा सुबह के चार  बज रहे थे। अपना वादा याद आया। फोन उठाकर बोला...हाँ तिवारी जी ! आवत हई...। तिवारी जी हंसने लगे.... जग गइला...तू कहले न होता तs न जगाइत...जा सुत जा...तू का अइबा...हम पहुंचत हई संकट मोचन...एक घंटा से फोन करत हई और तू अब जाके उठला...। इतना कहकर उन्होने फोन काट दिया। मैं हड़बड़ी में ताव खा कर बाथरूम में घुसा। अब नहीं गये तो कब जायेंगे..!  

नहा धो कर मंदिर पहुँचा तो साढ़े चार बजने में कुछ मिनट बाकी थे। हनुमान जी के दर्शन से अधिक तिवारी जी के दर्शन के लिए लालायित था। उन्हें यह दिखाना चाहता था कि मैं भी भोर में सारनाथ से संकट मोचन आ सकता हूँ। मंदिर के सामने तिवारी जी दिखाई दिये। पूर्ण भक्ति भाव से थपड़ी बजाते हुए। जय सियाराम जै, जै सियाराम। मैने लपक कर उनको स्पर्श किया। मुझे देख कर बोले...आ गइला...! इतनी जल्दी... !! और फिर वे अपने भजन में लीन हो गये । मेरा अहं तुष्ट हुआ। मैं आगे जाकर जो खाली स्थान दिखा वहीं बैठ गया। 

वह एक अद्भुत दृष्य था। न देखा न महसूस किया। संकट मोचन मंदिर में जा कर दर्शन करने में आनंद का अनुभव होता है लेकिन वह तो परमानंद था। मेरे जैसा अहंकारी, शंकालु और छुद्र मन चित्त का प्राणी भी वहां जाकर इतने आनंद का अनुभव कर सकता है तो निर्मल ह्रदय जमा हुए असंख्य भक्तों का क्या हाल होगा...! सारा अहंकार पल में धुल चुका था। हनुमान जी के सामने चबूतरे पर बीच में जो खाली जगह मिली वहीं बैठ गया। भजन चल रहा था। मंदिर का पर्दा जिसमें सिया राम लिखा था खुलने ही वाला था। अचानक से सब खड़े हो गये ! सबकी देखा देखी मैं भी खड़ा हो गया। पीछे मुड़कर देखा तो मेरे पीछे कोई नहीं था ! भक्त पंक्ति बद्ध हो दो कतार में खड़े हो जोर जोर से भजन गा रहे थे। जय सियाराम जै, जै सियाराम। दरअसल हनुमान जी के मंदिर के ठीक सामने पचास कदम की दूरी पर राम जानकी का मंदिर है। वहाँ भी मूर्तियाँ वैसे ही पर्दे में थीं। हनुमान मंदिर से राम जानकी मंदिर तक पंक्ति बद्ध हो, दो कतार में लोग भजन गा रहे थे। बीच का मार्ग खुला छुटा हुआ था। मैं वहीं बीच में खड़ा था ! सहसा मुझे अपनी भूल का एहसास हुआ। पहली बार आने के कारण यह ज्ञान नहीं था कि बीच में नहीं बैठना चाहिये। वह स्थान इसीलिए खाली था। जल्दी से पंक्ति में शामिल होना चाहा तो वहां खड़े भक्तों ने पीछे जाने का इशारा किया। कुछ लोग मुझ पर हंस भी रहे थे। जैसे तैसे जगह मिली तो मैं भी एक पंक्ति में शामिल हो गया।  पहले राम जानकी मंदिर का पर्दा हटा फिर बजरंग बली के दर्शन हुए। दोनो तरफ एक साथ आरती शुरू हो चुकी थी। अद्भुत दृश्य था। भजन संगीत और आरती ने ऐसा समा बांधा कि वर्णन करना संभव ही नहीं। सिर्फ और सिर्फ महसूस किया जा सकता है। आरती समाप्त होते ही राम जानकी मंदिर और हनुमान मंदिर दोनो ओर से आरती लेकर पुजारी भक्तों के बीच वाले मार्ग से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। एक ओर से बायीं कतार में खड़े भक्तों को तो दूसरी ओर से दायीं कतार में खड़े भक्तों को आरती दिखाते हुए वे आगे बढ़ रहे थे। राम जानकी मंदिर के पुजारी जब हनुमान मंदिर तक तथा हनुमान मंदिर के पुजारी राम मंदिर तक पहुँचे तो पंक्ति बदलकर दूसरी पंक्ति को आरती दिखाने लगे। इस प्रकार दोनो पंक्तियों में खड़े श्रद्धालुओं तक दोनो मंदिरों की आरती मिल गई। इसी तरीके से चरणामृत और प्रसाद भी वितरित हुआ। 15 मिनट के भीतर सभी भक्तों को आरती, चरणामृत और प्रसाद वितरित कर दिया गया। प्रसाद पा कर भींड़ इधर उधर तितर बितर हो गई। कोई मंदिर की परिक्रमा करने लगा तो कोई सुंदर कांड का पाठ करने लगा। कहना मुश्किल था कि भक्तों की भक्ति ने भगवान को हाजिर होने के लिए बाध्य किया था या भगवान की उपस्थिति ने भक्तों को हाजिर किया था। भक्त और भगवान का यह प्रेम अलौकिक था। मैं तो मात्र दर्शक बन कर अवाक खड़ा देखता रह गया !

दर्शन के बाद जब होश आया तो देखा तिवारी जी सुंदर काण्ड का पाठ करने में मगन थे। मैने लढ्ढू खरीदा और भगवान को चढ़ाकर प्रसाद खाने लगा। संकटमोचन के लढ्ढू मुझे बचपन से ही प्रिय हैं। लढ्ढू खा कर कुएँ का पानी पीते ही मन तृप्त हो जाता है। कोई पूछे आनंद आया तो एक बनारसी तुरत कहेगा...तबियत प्रसन्न हो गयल। भजन, दर्शन, आरती, प्रसाद लेने और कुएँ का पानी पीने के बाद धरती में शायद ही कोई ऐसा भक्त हो जो पूर्ण तृप्त न हो पाये। बस मन में भगवान के प्रति थोड़ी सी श्रद्धा होनी चाहिये। इस मंदिर की एक और बड़ी विशेषता है कि यहां आकर आप सिर्फ प्राप्त ही करते हैं। गवांने की कोई संभावना नहीं रहती। बजरंग बली की ऐसी कृपा है कि ठग, बेइमान इसके आस पास भी नहीं फटकते। दर्शन, प्रसाद, फूल-माला, जूता चप्पल रखने आदि किसी भी कर्म में आपके साथ ठगी नहीं हो सकती। यहाँ कि व्यवस्था सुंदर और आइने की तरह साफ है। किसी भी प्रकार के लूट की कोई संभावना नहीं है। यहाँ आपको सिर्फ पाना ही पाना है। कितना ? यह आपकी पात्रता पर निर्भर करता है। यहाँ आकर पुन्य मिलता है या नहीं यह मैं नहीं जानता लेकिन इतना दावा जरूर कर सकता हूँ कि यहाँ आकर खूब आनंद आता है।
    
सुंदर काण्ड के पाठ के बाद तिवारी जी सीधे आये और आश्चर्य से पूछने लगे...आज तs तू आ ही गइला ! ई त कमाल हो गयल । मगर एक बात बतावा, इतनी जल्दी कैसे आ गइला....? अब मुझसे न रहा गया। मैने उनको हकीकत बताया तो जैसे उनकी परेशानी कम हुई। बोले...तबै कहत हई कि इतनी जल्दी कैसे आ गइला...! चला हम न सही आखिर बजरंग बली सही, तोहेँ अपनी ओरी खींचे लेहलन। हमने कहा ..नहीं तिवारी जी...यह आपका ही प्रेम था कि मैं आ गया। तिवारी जी बोले … नाहीं...हमार होत तs तू कहिये आ गयल होता। सब बजरंग बली कs कृपा हौ। अब हम न कहब……..देखी, अगले मंगल के का करsला!

            ..................................................................................................................................

18.9.11

भूकंप के झटके


बनारस में भी महसूस किये गये भूकंप के झटके। सच कहें तो हमने नहीं महसूस किये। हम तो गहरी नींद में सो रहे थे। एक गोष्ठी से लौटे थे जिसका विषय था... अखंडता, सांप्रदायिकता और लक्षित हिंसा विधेयक । नाम कुछ और क्लिष्ट था लेकिन मूल में यही तीनों भयंकर शब्द थे। भरपूर मगज़ मारी के बाद दोपहर तीन बजे के करीब जब गोष्ठी खत्म हुई तो भोजन मिला। भोजन शुद्ध देशी था... दाल-बाटी, लिट्टी-चोखा और चावल की मीठी खीर । हचक के लिट्टी, हचक के चोखा और चौचक खीर पीने के बाद मस्त पान घुलाकर लौटे थे। घर आये तो इधर ब्लॉग खुला उधर गहरी नींद आ गई। शाम को साढ़े छ बजे के आस पास श्रीमती जी ने झकझोर के उठाया...सुन रहे हैं..भुकंप आ गया...उठिये मेरी आँखें खुली की खुली रह गईँ। बाबा के नगर में भूकंप !! हो ही नहीं सकता, सोने दो। वो फिर चीखीं...मेरे सामने टी0वी0 हिली थी..मैने देखा है..उठिए। उठकर बाहर झांका तो लोग बरामदे में खड़े हो अपने रिश्तेदारों को फोनियाते नज़र आये। तब तक अपनी भी मोबाइल बजने लगी। टी0वी0 खोला तो बात साफ हो गई। रियेक्टर पैमाने ( पता नहीं ई कौन पैमाना होता है, कभी स्कूल में तो पढ़े नहीं थे ) इसकी तीव्रता 6.8 आंकी गई। केन्द्र बिंदु...सिक्किम।

आप बताइये क्या हाल है आपके शहर में...? दिवालें कुछ चिटकीं की नहीं...? कलकत्ते वाले ढेर मजा लिये होंगे ई भूंकप की हिलाई का। हम तो...का बतायें ...जीवन में ले दे कर एक बार आया.. वो भी हम सो रहे थे। कितना कम फासला है न जीवन और मृत्यु के बीच...! काहे को हम झगड़ते हैं आपस में ? ई विधेयक ऊ विधेयक...कौन सा तीर मार लोगे नासपीटों....? अभ्भी एक्के रियेक्टर बड़ा होता तो अकल ठिकाने लग जाती।
.......................................................................................................................................................................


इस पोस्ट के लिए कमेंट का विकल्प अब बंद कर रहा हूँ। दरअसल भूकंप की घटना ने उत्तेजित कर दिया था। पटना, कलकत्ता, आसाम और नेपाल तक फैले अपने ब्लॉगर मित्रों का हाल चाल लेने व उनकी त्वरित प्रतिक्रिया जानने के लिए चैट की तरह इसका इस्तेमाल किया था। उद्देश्य पूरा हुआ। धन्यवाद।

.......................................................................................................................................................................

16.9.11

दिमाग तो सात तालों में बंद है.....!


स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय के लम्बे सफर के बाद
ज्ञान हुआ
मेरे पास भी दिमाग है
लेकिन जब भी काम लेना चाहता
धोखा देता
काम नहीं आता

काफी ठोकरें खाने के बाद
जान पाया कि
दिमाग तो
सात तालों में बंद है
और चाभियाँ
गुरूजी के पास हैं !

सबसे पहले स्कूल वाले गुरूजी को पकड़ा
गुरूजी !
आपने जो दिमाग दिया था
वह तो ताले में बंद हो गया है
काम नहीं करता
चाभी घुमाइये न गुरूजी

थक हार कर
गुरूजी बोले
इसमें तो धर्म का ताला लगा है
मैं नहीं खोल सकता !

भागा भागा
कॉलेज वाले गुरूजी के पास गया
उन्होने भी प्रयास किया
हार कर बोले
इसमें तो
जाति का भी ताला लगा है
मैं नहीं खोल सकता !!

विश्वविद्यालय पहुँचा
गुरूजी बोले
इसमें धर्म जाति का ही नहीं
काम क्रोध लोभ मोह
कई प्रकार के ताले लगे हैं
और तो और
भ्रष्ट आचरण की जंग ने
सभी को
मजबूती से जकड़ रखा है
इन्हें तो मैं भी नहीं खोल सकता !!!

तो मैं क्या करूँ गुरूजी ?
क्या मान लूँ कि
यह जीवन व्यर्थ ही बीत गया ?

गुरू जी हंसकर बोले
नहीं नहीं....
तुम्हारा दिमाग काम नहीं कर रहा इसलिए समझ नहीं रहे
तुम्हारी तरह बहुत से लोग ऐसे हैं
जो अपनी जेब नहीं तलाशते
और मेरे पास आते हैं
दिमाग पर ताले
किसी और ने नहीं तुम्हीं ने लगाये हैं
इसलिए इनकी चाभियाँ भी
तुम्हारे ही पास हैं

देखो !
अहंकार के तले कहीं दबा होगा
मिल जायेगा।

………………………………………………………………………