12.12.15

फर्क

जब कोई दूसरा रास्ता न हो...
आसान है
राह में झरे फूलों को देख हर्षित होना
और...
रौंदते हुए निकल जाना!
कठिन है
ठहरना,
झुकना,
पंजों के बल बैठ
एक-एक फूलों को
हौले-हौले चुनना
और उन्हें
दोनों हाथों से
अंजुरी-अंजुरी उठाकर
एक किनारे
माटी को सुपुर्द करने के बाद
आगे बढ़ना।
रौंद कर चले जांय या सहेज कर
आपकी मर्जी
फर्क
न फूलों पर पड़ेगा
न पौधों पर।

9.12.15

लोहे का घर-4

फेसबुक पोस्ट

Devendra Kumar Pandey
आज पता चला स्पेशल ट्रेन का कोई माई-बाप नहीं होता। पैसा भी अधिक लेते हैं और समय की कोई चिंता नहीं। सुबह आने वाली ट्रेन शाम को भी आ सकती है। सबसे बड़ी समस्या कि आप इसके लोकेशन को नेट पर ढूंढ नहीं सकते। सिर्फ स्टेशन पर खड़े हो अनाउंसमेंट सुनने के आलावा कोई चारा नहीं होता। कान खरगोश, नाक कुत्ता हो गया अपना। frown emoticon
Devendra Kumar Pandey's photo.
स्पेशल ट्रेन तो वाकई स्पेशल होती है। सुबह 6.30 में कानपूर से मुगलसराय आने वाली ट्रेन 10.30 तक नहीं आई तो पूछताछ काउंटर पर पूछा-भैया! मेरी स्पेशल ट्रेन है। पटना स्पेशल। अरे वही जहाँ नितीश जी फिर से मुख्य मंत्री बनने वाले हैं। कब आएगी? मेरे नेटवर्क पर तो कहीं दिखाई नहीं पड़ रही! पूछताछ काउंटर वाला बोला-आपके नहीं, मेरे नेट पर भी दिखाई नहीं दे रही है! सुबह 8 बजे चली थी अल्लाहाबाद से। कब आएगी और कब जायेगी कुछ पता नहीं। इसका कोई माई-बाप नहीं होता!!!
‪#‎हेप्रभु‬! मैं भी यही सोच रहा था! भाग कर पैसा वापसी काउंटर पर गया कि भैया मुझे कहीं नहीं जाना। मेरा पैसा वापस करो। साढ़े चार घंटे हो गए। काउंटर वाली मैडम ने लम्बी प्रक्रिया कराने के बाद बोला-टिकट तो कैंसिल हो जायेगा लेकिन वापसी रूपया शून्य बता रहा है कम्प्यूटर। नया नीयम आ गया है!
#हेप्रभु तू इतना बेईमान कैसे हो गया! स्पेशल ट्रेन के नाम पर डबल पैसा लिया, ट्रेन का पता नहीं और नहीं जाना चाहता तो पैसा वापसी के नाम पर ठेंगा दिखा दिया! बड़ा ठग व्योपारी है रे तू!



ट्रेन केंद्र की भले हो बिहार में सफर करते हुए ऐसा लगा कि हर सीट पर आम आदमी का कब्जा है। स्लीपर-जनरल एक समान। टी टी की अफसरी कोट के जेब में घुस जाती है। जनता एक दुसरे को बिठाने चढाने में भरपूर मानवीय सहयोग करती है। आपके पास बर्थ है तो राजा मत समझिये। आम आदमी के साथ आम आदमी बन शांति से यात्रा कीजिये। केला खाइये। बहुत सस्ता है 20 रूपया में 16। यह स्लीपर क्लास का डिब्बा है।
पापा ने मज़ाक में कहा ... 'यह मेरे बेटी नहीं है!' पाँच साल की बच्ची ने बिस्कुट खिड़की से बाहर फेंक कर माँ के आँचल में चेहरा छुपा लिया। बहुत देर बाद उसने अपनी गर्दन उठाई तो उसकी आँखों में कई मोती झिलमिला रहे थे। मैं बस डूब कर रह गया। मेरे हाथ में कैमरा था मगर तस्वीर नहीं खींच पाया। 2 दिन पहले ‪#‎ट्रेन‬ में देखी वो बिटिया याद आती है।

वे काफी वृद्ध थे। उनकी कमर और रीढ़ की हड्डी ऊपर से नीचे तक बेल्ट से कसी हुई थी। अपने से चल नहीं पा रहे थे । ‪#‎ट्रेन‬ में भयंकर भीड़ थी। जैसे तैसे उनके पुत्र ने उन्हे ट्रेन में चढ़ाया और सामने बर्थ के यात्री को अपना टिकट दिखा कर बोला-यह मेरी बर्थ है। बर्थ में सोया यात्री पहले तो झल्लाया फिर टिकट देख कर बोला-यह एस-5 है, आपकी बर्थ एस-3 में है!
अवाक पुत्र कभी पिता को देखता कभी अपने टिकट को। तब तक दूसरे यात्रियों ने टिकट देख कर कहा-घबड़ाइए मत हम आपके पिता जी को आपकी बर्थ तक पहुंचा देंगे तो उसकी जान में जान आई और देखते ही देखते दो चार यात्री वृद्ध को उठाकर, उनकी बर्थ पर लिटाकर हँसते हुए वापस आ गए ।
2 दिन पहले ट्रेन में देखी वह सहिष्णुता मुझे याद आती है।

पहले पहल ‪#‎ट्रेन‬ में छठ के मधुर गीत सुनाई पड़े तो खुशी से पलट कर आवाज को तलाशने लगा l वे दो महिलाएं थीं। हाथों में पीतल का सूप, सूप में ढेर सारे चिल्लर और दस के नोट! इन्हे देख अपने रोज के जौनपुर-बनारस मार्ग पर दिखने वाली महिला याद आ गई जो अपने साथ एक जवान लड़की को लिए यह कहते भीख मांगते प्रायः रोज दिख जाती है...'मेरी बेटी की शादी है, मदद साहेब!' फिर गीत के बोल से ध्यान हट गया। इसके बाद बिहार की लंबी यात्रा में कई ऐसे ही दृश्य दिखाई दिये। छठ के नाम पर पैसा मांगते मुस्टंडे भी दिखे और भोली भाली दिखने वाली महिलाएं भी। मेरे हाथ में कैमरा था। मुझे लगा ‪#‎ट्रेनमेंमांगनेवाले‬ बहुत हैं। मैं इनकी तस्वीरें खींचते-खींचते थक जाऊंगा फिर तस्वीर खींचने का विचार त्याग दिया।
कैमरे से खींची हो या दिमाग में घर कर गई हों, ये तस्वीरें मुझे तंग करती हैं। यह तस्वीर कब साफ होगी!


'फिर बेतलवा डाल पर' की तर्ज पर 'फिर बेचैन ‪#‎ट्रेन‬ में' कहना सही रहेगा। अब शाम रंगीन नहीं काली होनी शुरू हो गई है। हवा में ठण्ड है और ट्रेन में भीड़। बगल में बैठा परिवार अमृतसर से पटना जा रहा है। छठ के बाद! पूछने पर लड़के ने बताया कि ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं मिला। बिना रिजर्वेशन के सबको लेकर कैसे जाता! उसके परिवार को देख लगा कि यह सही कह रहा है।
गोदी के बच्चे को नानी बिस्कुट खिला रही हैं। पांच साल की बच्ची ताली बजा कर गीत गा रही है और उछल-उछल कर गोदी वाले भाई को दुलार कर रही है। नानी से सटकर 8-9 साल का लड़का देख-देख मुस्कुरा रहा है। लड़के की पत्नी आराम से लेटी है। लड़का खिड़की के पास निश्चिन्त बैठा है।
अम्मा के होने के कितने फायदे हैं! सास होती तो शायद दृश्य बदल जाता। दादी सो रही होती और बच्चों को उसकी माँ ही खिला रही होती। आधुनिक समाज गाँव से लेकर शहर तक तेजी से बदल रहा है!


जौनपुर स्टेशन प्लेटफॉर्म नम्बर 5। दूर-दूर तक कोई नहीं है। सामने भोलेनाथ का मंदिर है, पीछे मस्जिद से अजान सुनाई पड़ रही है। लाउडस्पीकर अब बंद हुआ। रेलवे का एनाउंस सुनाई पड़ रहा है। एक पैसिंजर ट्रेन आने वाली है। मैं इससे जाना नहीं चाहता। मुझे गोंदिया एक्सप्रेस की प्रतीक्षा है जो 8.10 में आएगी। कल बस ने बोर किया था। आज ट्रेन पकड़ने का मूड है। गजब का सन्नाटा पसरा है। जैसे मौसम ने शराब पी रख्खी है! एक मच्छर काट रहा है गर्दन में, आ रही है पैसिंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नम्बर 1 पर।


खेतों की मिट्टी कुछ भुरभुरी हो गई दिखती है। कल शाम तेज़ हवा के बाद हुई थी हल्की-फुल्की बारिश। कुदाल उठाकर मिट्टी को अपने अनुकूल बनाते दिख रहे हैं ग्रामीण। बदरी के बाद धूप खिली है। हरे अरहर के पौधों में दिख रहे हैं पीले फूल। समाजवादियों पर चढ़ रहा हो जैसे केसरिया! ‪#‎ट्रेन‬ की पटरी के किनारे बने कच्चे-पक्के मकानों के बाहर बंधी दिखती हैं गायें, बकरियाँ और कीचड़ में भागते सूअर। परधानी चुनाव के झगड़े, खून के छीटों से रंगे अखबारों से इतर ट्रेन से देखने में शांत दिखते हैं पूर्वांचल के गाँव। ट्रेन के भीतर अमृतसर जाने वाले पंजाबी यात्री ऊंघ रहे हैं। हरे रंग में रंगे मटर को ताजी हरी मटर बता कर बेच रहा है लड़का। फिर दिख रही है बदरी। धूप छटपटा रही होगी खेतों में खेलने के लिए।

Devendra Kumar Pandey's photo.
बादल गरज रहे हैं। जितने गरज रहे हैं उतने बरस नहीं रहे। रिमझिम बारिश में भीगते हुए, असहिष्णुता का आरोप लगाते हुए हम स्टेशन तक पहुँच ही गये। फरक्का मिली। इठलाती-बलखाती आ ही गई। 5.30 घण्टे लेट। यह लेट नहीं होती तो कहाँ मिलती। किसी की मजबूरी कोई दूसरा फायदा उठाता है। हम भी चहकते हुए बैठ गए। अब चल दी। भीड़ नहीं है। बड़ी शांति है ‪#‎ट्रेन‬ में। मालदा टाउन बंगाल जाने वाले यात्री बंगाली में बतिया रहे हैं। सुबह अमृसर जाने वाले पंजाबी में बतिया रहे तो भी उनकी बातें कम ही समझ में आ रही थी।
जफराबाद में कुछ और साथी चढ़े। Durgesh जी और Manish जी मिल गए। शरफुद्दीन 50 डाउन छोड़ कर इसमें बैठे हैं हम लोगों के लिए। Sanjayजी दुर्गेश जी का वीडियो बड़े ध्यान से सुन रहे हैं। गीत बज रहा है- बातों को तेरी हम भुला न सके..... । मनीष जी कान में तार ठूंस कर लेटे-लेटे कुछ और ही सुन रहे हैं। बाहर अँधेरा है। रिमझिम-रिमझिम बारिश वैसे ही हो रही है। घर पहुँचने से पहले सभी आनंद में डूबे हुए हैं।

सहयात्री खूब खुराफात करते हैं। नकली सिगार पकड़ा दिया और फ़ोटू खींच ली! इतने से नहीं माने तो फेसबुक में अपडेट करवा कर ही माने। smile emoticon

6.12.15

सुबह की बातें (गठरी वाले घुमक्कड़)


धमेख स्तूप सारनाथ वाले पार्क में प्रातः भ्रमण के समय हम हाथ फेंककर घूम रहे थे और कुछ लोग सर पर भारी बोझ लादे घूम रहे थे! मुझे आश्चर्य हुआ। एक को रोककर पूछा-भाई! आपलोग ये भारी बोझ सर पर लादे क्यों घूम रहे हैं? एक महिला ने जवाब दिया...'क्या करें? गेट पर हर एक का 10 रूपिया मांग रहा था!' मुझे लगा ये लोग तो आम आदमी से भी गरीब हैं! गरीब हो कर भी घूमने का शौक रखते हैं!!! फिर बोला-'अरे! तो सब सामान एक स्थान पर रख दीजिये। आपके साथ इतने आदमी हैं, किसी को सामान देखने के लिए लगा कर बाकी लोग आराम से घूम सकते हैं!!!' उन्होने मेरे बात सुनी अनसुनी कर दी और कन्नी काट कर आगे बढ़ गये। हमारे साथ मिर्जा भाई भी घूम रहे थे। हँसते हुए बोले- जाय दा मरदवा! ई तोहें बनारसी ठग समझत हउवन! इनके लग्गे जइबा त भागे-दौड़े लगीहें। तू इनहन का भलाई नाहीं करत हउआ, डरवावत हौआ! इनहने के अइसे मौज आवत हौ।' 

मिर्जा की बात सुनकर मैं सकपका गया-'का मिर्जा! हम तोहके बनारसी ठग लगत हई?' मिर्जा बोले-'त का तोहरे कपारे पे लिखल हौ कि तू बड़का ईमानदार हउआ?' फिर हिन्दी में समझाने लगे-'ये लोग नागपुर से आए सीधे-सादे तीर्थयात्री हैं। इन्होने सुन रख्खा होगा कि बनारसी ठग होते हैं। इसलिए ये अपना सामान कहीं रखना नहीं चाहते होंगे। सभी साथ होंगे तो कोई समान ले नहीं पाएगा। इसलिए ये घूमते हुए भी सामान सर पर ढो रहे हैं।' 

मिर्जा की बात मेरे समझ में आ गई लेकिन नजर इनके सामानों पर ठहर गई! हँसते हुये बोला-गठरी में बहुत माल हौ का मिर्जा?  मिर्जा ने ठहाका लगाया-'नीयत खराब हो गयल बाबा! गेट पर समान रख्खे बदे 10 रूपिया जेकरे पल्ले ना हौ, ऊ का माल धरी हो?  चला! चाय पियावा बहुत मगजमारी क लेहला।'

 और हम हंसते हुए माटी के कुल्हड़ में जाड़े की धूप पीने लगे।


   

4.11.15

आक्रोश और बुद्धिजीवी

सभी के भीतर आक्रोश है। यह मनुष्य होने की निशानी है। आक्रोश की अभिव्यक्ति सभी अपनी-अपनी क्षमता, अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार करते हैं। कर्मचारी अपने बॉस के सामने पूंछ हिलाता है मगर जब साथियों के साथ जब चाय पी रहा होता है तो हर चुश्कि के साथ अपने बॉस के खिलाफ ज़हर उगलता रहता है। यहाँ उसकी सिर्फ जीभ हिलती है,पूँछ गायब हो जाती है। अधिकारी शासन में बैठे उच्चाधिकारियों को कोसता है तो उच्चाधिकारी भी मंत्रियों के फरमान से परेशान हो मातहतों पर आक्रोश स्थानांतरित कर रहे होते हैं। छात्र शिक्षकों का उल्टा-पुल्टा नाम धर, आपस में हंसी उड़ा कर अपना गुस्सा उतारते हैं तो शिक्षक व्यवस्था को कोसकर । कोई खुश नहीं, सभी आक्रोशित,सभी दुखी। घर में पत्नी पति से, पति पत्नी से, बच्चे पिता से तो पिता बच्चों से नाराज। परिवार नियोजन ने भाइयों-भौजाइयों, ननद-देवरानियो वाले आक्रोशित चेहरे छीन लिए हैं वरना घर की दहलीज में घुसते ही दादा-दादी की आँखों में रिश्तों की अनेकों दीवारें पहले ही दिखने लगती हैं ।

बुद्धिजीवी सदियों से आक्रोश अभिव्यक्त करते रहे हैं। इनके आक्रोश से सरकारें डरती रही हैं। जब भी अधिक खतरा हुआ इस पर सेंसर की कैंची चली है। आपातकाल लगा कर भी अभिवयक्ति को प्रतिबंधित किया गया है। आजकल वरिष्ठ, पुरस्कृत और सम्मानित साहित्यकार आक्रोश अभिव्यक्त कर रहे हैं। उनकी अभिव्यक्ति पर कोई प्रतिबंध नहीं है। वे चाहें तो कलम के वार से सरकार को घायल कर सकते हैं मगर उन्होने दूसरा रास्ता चुना है। वे अपना सम्मान लौटा रहे हैं! जैसे अंग्रेजी सरकार के जमाने में पुरस्कार लौटाए जा रहे थे वैसे ही आजकल पुरस्कार लौटाए जा रहे हैं!  एक ने लौटाया तो दूसरे को लगा कि हम पीछे रह गए! होड़ सी मची है।  अब पाठक परेशान! क्या करें? कोई पुरस्कार लौटाने वालों का समर्थन कर के उनको सम्मानित कर रहे हैं तो कोई सम्मानित लेखकों की पुरस्कृत पुस्तकें लौटाने में जुटे हैं! शायद उन्हें यह लग रहा है कि जैसे साहित्यकारों के सम्मान लौटाने से सरकार का अपमान हो रहा है वैसे ही पुस्तकें लौटाने से साहित्यकार का अपमान होगा! मतलब पढ़ने लिखने वाले लोगों का आत्मविश्वास डिगा सा दिखता है। उन्हें अपनी बुद्धि और कलम से इतर यह रोल जियादा प्रभावशाली लग रहा है! 

लेखकों के देखा देखी दूसरे सम्मानित कलाकार भी पुरस्कार वापस कर रहे हैं! इस वापसी अभियान को देख कभी-कभी लगता है एक ही विचार धारा के लोग देश में अधिक पुरस्कृत हुए हैं! योग्यता का चयन ज्ञान को देखकर नहीं, विचारधारा को देख कर किया गया था। शायद अब देश में दूसरी विचार धारा बह रही है जो इनका पहले की तरह सम्मान नहीं कर रही है। 

इस वापसी अभियान से परेशान सरकार परेशान न होने का दिखावा कर रही है। वह इसे विपक्ष का षड़यंत्र बताती है। वह पूछती है तब ये लोग कहाँ थे जब यह हुआ था, जब यह हुआ था और जब यह हुआ था? इन सब के बीच यदि कोई वास्तव में हैरान परेशान है तो पढ़ा-लिखा आम आदमी। वह यह नहीं समझ पा रहा है कि साहित्यकार राजनीति के शिकार हो गए हैं या साहित्य छोड़ राजनीति कर रह हैं ! रोटी, कपड़ा, मकान, बच्चों की शिक्षा, दवाई, शादी, सड़क, न्याय जैसी तमाम बुनियादी आवश्यकताओं के बीच बुद्धिजीवियों का यह आक्रोश आम आदमी के लिए समझना तो दूर पढ़ना भी मुश्किल है। फिर प्रश्न उठता है कि इस आक्रोश से फायदा किसे और नुकसान किसे उठाना पड़ रहा है? कहीं इस झगड़े से हमने देश को विदेशी बुद्धिजीवियों के सामने हास्यास्पद स्थिति में लाकर तो खड़ा नहीं कर दिया!  

12.10.15

लोहे का घर...3


आज भी ट्रेन छुक-छुक, छुक-छुक चलती है ।  नहीं बन पाई धड़-धड़, धड़-धड़ चलने वाली बुलेट। एक सपना देखा है हमारे प्रधान मंत्री जी ने, एक सच से सामना होता है रोज। पूरे 7 घण्टे लेट कोटा-पटना मेरे लिए सही समय बन कर मिली जौनपुर के भंडारी स्टेशन पर। अपनी किसान भी लेट है, वह किसी दुसरे के लिए सही समय बन कर आयेगी। बाकी दूर के यात्रियों का क्या, उनके लिए तो लेट पर लेट, लेट पर लेट। 

भारत में ट्रेन के यात्रियों को यात्रा के समय अपने साथ 'सिंदबाद की साहसिक यात्राएँ' वाली पुस्तक रख लेनी चाहिये। पुस्तक को पढ़ते हुए उन दिनों को याद करना चाहिए जब यात्रा करना दुरूह कार्य हुआ करता था। साहसी ही कर पाते थे यात्रा। जवान बेटा बूढ़ा बन कर लौटता था घर। इससे मनोबल बढ़ता है और 7, 8 घण्टे का विलम्ब नहीं खलता।

ट्रेन में पर्याप्त जगह है। ऐसा लगता है कि यात्री विलम्ब से घबड़ा कर बीच में ही साथ छोड़ गए! एक चाय वाला बड़ी तेजी से चाय-चाय बोलते हुए निकल गया। ऐसा लगा जैसे उसे भी प्रधान मंत्री बनने की जल्दी थी! इसके प्रधान मंत्री बनने तक तो अवश्य चलने लगेगी भारत में बुलेट ट्रेन। सह यात्री ट्रेन को कोसते हुए सर से पाँव तक चादर ओढ़कर निश्चिन्त भाव से लेट गया। इसे तो शुक्रगुजार होना चाहिए भारतीय रेल का जो उसे एक दिन के भाड़े पर दो दिन सोने के लिए बर्थ उपलब्ध कराती है।

ट्रेन की चाल अभी बहुत तेज है। ऐसा लगता है जैसे पति के कटाक्ष से तंग आकर किसी की पत्नी घर छोड़कर सरपट भाग रही है! भारतीय रेल कब भागने लगे, कब ठुनक कर खड़ी हो जाय कुछ कहा नहीं जा सकता। 

लो! रूठ कर खड़ी हो गई!! इतनी तेज चली कि 50 मिनट में शिवपुर आ गई। जब बनारस एक स्टेशन रह गया तो रुक गई। लगता है रूठ कर घर छोड़ मायके जा रही पत्नी को याद आ गया कि क्या-क्या जरूरी हिदायतें पति को देना भूल गई। रुक कर फोन लगा रही होगी। कहीं उलटे पाँव भागना न शुरू कर दे! 

बहुत देर हो गई। पता नहीं क्या चल रहा है इस ट्रेन के मन में! मुझसे महाभारत लिखायेगी क्या!!! एक गाना गाता हूँ ...चल री सजनी अब का सोचे? कजरा न बह जाये रोते-रोते। चल री सजनी अब क्या सोचे? ... 

सह यात्री भी चादर से मुँह निकाल कर मोबाइल चला रहा है। लगता है इसके मोबाइल में नेट पैक भरा है। यह मेरे किसी पुराने स्टेटस को फेसबुक में पढ़ कर लाइक कर रहा होगा। मेरे में नेट पैक नहीं है वरना मैं ये सब पोस्ट कर देता और इसे पढ़कर वह उछल कर बैठ जाता। रुकी ट्रेन पर नींद उचट ही जाती है।  ट्रेन रुक जाए तो लगता है कोई बुरी घटना घटने वाली है। सरकार गिरने वाली है और चुनाव होने वाला है। ट्रेन चलती रहे तो लगता है देश भी चल रहा है। 

ट्रेन चल दी!  वाह! मतलब अभी देश के हालात बहुत बुरे नहीं हुए। अभी छुक-छुक के बुलेट बनने की पूरी संभावना है। चाय पीने का मन कर रहा है। वह चाय वाला लड़का न जाने कहाँ चला गया जिसमें प्रधान मंत्री जैसी तेजी थी!

11.10.15

रौशनी और अंधेरा

रौशनी है
लोहे के घर में
अँधेरा है
खेतों में, गाँवों में
जब कोई छोटा स्टेशन
करीब आता है
खेतों की पगडंडियों में
दिखने लगते हैं
टार्च
माटी के घरों में
ढिबरी
पक्के मकानों में
शेफल
और...
मुझे स्टेशन का नाम पढ़ते देख
अँधेरे में डूबा स्टेशन
खिलखिला कर हंसने लगता है।
.............................................. 

सुबह की बातें-1


20 सितम्बर, 2015 

धमेख स्तूप सारनाथ के सामने बेंच पर लेटा बिन चश्मे के लिख रहा हूँ। 3-4 किमी सड़क पर और कुछ देर घास पर चलने के बाद यहाँ लेटने में खूब आनंद आता है। स्तूप पर बैठे तोतों के झुण्ड बेंच के ऊपर घने नीम के भीतर बैठ खूब टांय-टांय कर रहे हैं। बुलबुल,कोयल और भी दुनियां भर के पंछियों के कलरव के आलावा कुछ देसी आवारा कुत्तों की झाँव-झाँव भी सुनाई पड़ रही है। टहलने वालों की संख्या बहुत कम है। यहां आने के लिए 5 रुपिया टिकट का लगता है इसलिए सभी नहीं आते। तोतों का झुण्ड अभी उड़कर फिर स्तूप पर जा कर चिपक गया। हर तरफ आनंद ही आनंद बिखरा पड़ा है। कुछ मन में उतार रहा हूँ, कुछ आपसे बांट रहा हूँ। शुभ प्रभात।

धूप निकल आई है। घने नीम के वृक्षों से छन छन कर हरे घास में चिपके ओस कणों को चुपके-चुपके पी रही है। एक तिब्बत्ती लड़की अपनी छोटी बहन के साथ मेरी बेंच और स्तूप के बीच में लॉन पर बैठी योगा कर रही है। हर आसन के बाद देर तक अपनी छोटी चोटी को खींचती/  संवारती जा रही है। छोटी बहन लगातार टिपिर-टिपिर आँख हाथ नचा नचा कर तिबती भाषा में जाने क्या बतिया रही है। बड़ी भी खुश है। धूप तेज हो रही है। अब चलता हूँ। कुल्हड़ वाली मस्त चाय की तलाश में। सन्डे सारनाथ की सुबह आनंद दायक रही।

25 सितम्बर, 2015 

घने नीम के नीचे लेटना ही सुखद है, यहाँ तो नीम के कई वृक्ष हैं। दायें बाएं, दूर और दूर। नीम की शाख में तोतों के झुण्ड के झुण्ड तंय-टांय कर रहे हैं। और भी कई पंछियों के कलरव गूँज रहे हैं।  मैं घूमने, ओस में डूबे घांस में नंगे पाँव टहलने के बाद यहां धमेख स्तूप सारनाथ के लॉन में बने लम्बे चबूतरे पर लेटा हूँ। काफी देर हो चुकी है लेकिन यहां से उठने का मन नहीं कर रहा। 

एक पंछी ने जल तरंग छेड़ा है। मैं इनका नाम नहीं जानता। तोता, मैना, कौआ,कोयल,बुलबुल बस यही सब गिने चुने नाम ही जानता हूँ। जल तरंग के बीच कोयल की कूक और कौओं की काँव-काँव भी सुनाई पड़ रही है।सतियानास!  धमेख स्तूप के पीछे बने जैन मंदिर से लाऊड स्पीकर से भजन बजने लगा! उनका ईश्वर प्रसन्न हो रहा होगा लेकिन मेरे आनंद में अब खलल पहुँच रहा है। सवा सतियानास! पीछे बुध्द मंदिर से भी लाउडस्पीकर बजने लगा! बुद्धम शरणम् गच्छामी! जय हो... बुद्ध कितने प्रसन्न हो रहे होंगे! 
अब चलता हूँ। सुप्रभात।

27 सितम्बर, 2015

पंडी जी पिंजड़ेे के तोते को रटा दिए हैं-गोपी कृष्ण कहो। लाउडस्पीकर में रोज बजता रहता है लेकिन धमेख स्तूप सारनाथ के तोते नहीं कहते -"बुद्धम शरणम् गच्छामी"। गुलामी और आजादी के बीच कितना फर्क है! लॉन में दिखा भक्तों का झुण्ड। ये कह रहे थे-बुद्धम शरणम् गच्छामी।

4 अक्टूबर, 2015 

सुबह-सुबह घने नीम के वृक्षों से धमेख स्तूप तक अनवरत उड़ते रहने वाले तोते सन्डे नहीं मनाते। कोई ऑफिस नहीं, कोई छुट्टी नहीं। ये जब स्तूप से उड़कर वापस नीम की शाखों पर बैठते हैं तो कुछ कौए काँव-काँव करने लगते हैं। ऐसा लगता है जैसे नास्तिक पितृपक्ष में ब्राह्मणों के भोजन का उपहास उड़ा रहे हों! तोते भी टांय-टांय कर प्रतिरोध करते हैं। 

धूप तेज हो चली है। घने नीम से अनवरत एक-एक कर पीले पत्ते झर रहे हैं। कोयल के साथ पेड़की ने खूब समा बांधा है।  ये क्या कहते हैं, कुछ समझ में नहीं आता पर यह तो तय है कि बिहार के चुनावी दंगल में लालूजी और मोदी जी की तरह कोई राग नहीं छेड़ रहे।  गिलहरियों का फुदकना बदस्तूर जारी है। लॉन में कई प्रकार के पौधे हैं मगर कोई आपस में नहीं झगड़ते। कोमल लताएँ सूखे वृक्ष के सहारे ऊपर तक चढ़ जाती हैं। कोई किसी की टांग नहीं खींचता। 

झाडू लगाने वाला आ चुका है। अब चलना चाहिए। आज की सुबह रोज की तरह आनंद दायक रही।

5 अक्टूबर, 2015 
आज एक लड़का सारनाथ में हिरणों को ब्रेड खिला रहा था। एक बड़ा पैकेट ब्रेड लिए था और तोड़-तोड़ कर खिलाये जा रहा था। हिरण ब्रेड के लिए धीरे-धीरे जमा हो रहे थे। सुप्रभात।


6 अक्टूबर, 2015
आज सुरुज नारायण रोज की तरह लालम लाल, गोलमटोल निकले। मैंने देखा उन्हें खण्डहरों के उस पार धमेख स्तूप के पीछे। फूलों ने मेरी तेज चाल को देखकर छेड़खानी करी-हैलो! आज फ़ोटू नहीं खींचोगे? बांस के की पत्तियाँ थोड़ी सजग हुईं। मैं सबको मुस्कुराकर देखते हुए आगे बढ़ चला। देसी कुत्ते झुण्ड बनाकर सरसराते हुए बगल से गुजरे। अनार के पौधों के पीछे कुत्तों के जोड़े प्यार करने लगे। तोते टांय-टांय करते नीम से उड़ चले फिर स्तूप की ओर। हिरणों के झुण्ड उदास थे। आज नहीं दिखा उनको ब्रेड खिलाने वाला लड़का। मैं जल्दी में था। सबको देख मुस्कुराते हुए चलता बना। सुप्रभात।

7 अक्टूबर, 2015 

आज न फूलों से कोई बात हुई न चिड़ियों से। कुत्ते भी नहीं दिखे। पहली बार सुना सारनाथ मृगदाव के चीतलों को बोलते हुए। बाउंड्री की जालियों के पास जा कर देखा सभी एक लाइन में सावधान की मुद्रा में खड़े हो कर जोर-जोर से बोल रहे थे। ऐसा लग रहा था कि ये अपने राज्य का राष्ट्र गान गा रहे हैं! ध्यान से देखने पर समझ में आया कि ये अपने किसी भटके हुए साथी को आवाज लगा कर बुला रहे हैं। मैंने उनके आवाज की नकल की तो सब झटके से मेरी ओर देखने लगे। जब तक मैं फ़ोटू खींचता, मुँह फेर लिया।सूरुज नारायण लाल-लाल आँखे तरेरते हुए मुझ पर धूप की वर्षा करने लगे।



धमेख स्तूप पर तोते.कबूतर रोज की तरह उड़ रहे थे। मॉर्निंग वॉक वाले तेज-तेज चल रहे थे। तेज-तेज सीटी बजने की आवाज सुनाई दी तो देखा दो लड़के घास पर चलने वालों को मना कर रहे थे। पता चला इनकी ड्यूटी लगाई गई है कि लोग घास पर न चलें। सही भी है, लोगों के घास में चलने से उसकी ख़ूबसूरती बिगड़ जाती है। ख़ूबसूरती देखभाल मांगती है। यह दूर से देखने और आनंद लेने की चीज है। छेड़खानी किया तो ख़राब हो जायेगी। लोग फूलों को तो क्या, मिलने पर कलियों को भी अपने क्षणिक स्वार्थ में तोड़ कर मसल देते हैं।

इन्ही सब में खोया रहा। अभी घर आया तो याद आया कि आज तो न फूलों से कोई बात हुई न चिड़ियों से! न जाने क्या सोच रही होंगी मेरे बारे में!


12 अक्टूबर, 2015 घर से मात्र 20 मिनट कदम चाल की दूरी पर है सारनाथ बुद्ध मंदिर। प्रातः भ्रमण के साथ लोग मंदिर मे,  मैं मंदिर के बाहर चारों ओर बिखरी प्राकृतिक सुंदरता में भगवान् बुद्ध के दर्शन करता रहता हूँ। मंदिर के सामने लान में एक बड़ा सा चबूतरा है जिसमें चढ़ने के लिए बनी सीढ़ियों की रेलिंग पर बच्चे झूल रहे थे। उनकी फ़ोटू खींची तो वे खुश हो गए। चबूतरे पर प्लास्टिक बिछा कर लोग योगा कर रहे थे। बहुत से लोग थे। ऐसा लग रहा था जैसे किसी भंडारे की भीड़ हो! यहाँ लोग सामूहिक योगा कर के तन की चर्बी घटा रहे थे और मन की भूख मिटा रहे थे।


वहां से चलकर धमेख स्तूप के खण्डहरों वाले पार्क में आये तो मुझे देख फूलों के चेहरे प्रसन्न हो गए या सूर्यदेव की सुनहरी किरणों के प्रभाव से खूबसूरत हो गए, ठीक-ठीक कह नहीं सकता। मैंने जब एक फूल से कहा तुम बहुत खूबसूरत हो लेकिन मुझे तुम्हारा नाम नहीं मालूम! तो वह खिलखिलाकर हंसने लगा। तुम लोग हमारा नाम भी रखते हो!!! मैं उन्हें हँसता छोड़ आगे बढ़ गया। इन्हें क्या मालूम कि मनुष्य जिसे देखता है पहले उसका नाम ही रखता है और जिससे डरता है उसे भगवान मान लेता है।

घूम कर थक गया तो अब मैं लान के पत्थर पर लेटा अपना योगा कर रहा हूँ। सुन रहा हूँ चिड़ियों की बोली,  लिख रहा हूँ मोबाइल से फेसबुक पर। सामने नीम के शाख पर एक गिलहरी काले कौए से फल के लिए झगड़ रही है। सामने दूसरे पेड़ पर एक तोता और एक तोती आपस में चोंच लड़ा रहे हैं। तोता मैना की प्रेम कथाएँ तो खूब पढ़ीं पर उनको चोंच लड़ाते मैंने तो नहीं देखा। अभी एक तोतों का दूसरा झुण्ड टें टें टें टें करते हुए घने नीम में घुस गया। उसमें कितने तोते कितनी तोती होंगे,  मैं नहीं जान पाया।

घर लौटते हुए खंडहरों पर नजरें टिकीं तो ऐसा लगा जैसे इन खण्डहरों में घूमती होंगी और भी  बेचैन आत्माएँ!  लेकिन मुझे कोई दूसरा या दूसरी नहीं मिली या यह भी हो सकता है कि मिली हों, साथ-साथ घूमी हों और हमने इक दूजे को पहचाना ही न हो!



धूप तेज हो गई, अब चलना चाहिए। आनंद दायक रही संडे की सुबह। सुप्रभात खतम हो गया। अब तो शुभ दिन बोलना पड़ेगा।





नोट: फेसबुक में लिखे कुछ स्टेटस को मिलाकर यह पोस्ट बना दिया।