Showing posts with label मार्निंग वॉक. Show all posts
Showing posts with label मार्निंग वॉक. Show all posts

19.2.17

सुबह की बातें-5

यूँ तो मॉर्निंग रोज ही गुड होती है लेकिन नौकर की मॉर्निंग तभी गुड होती है जब नौकरी से छुट्टी का दिन हो और लगे आज तो हम अपने मर्जी के मालिक हैं। कैमरा लेकर, मोबाइल छोड़ कर सुबह ही घर से निकलने के बाद हरे-भरे निछद्द्म वातावरण में अकेले घूमते हुए एहसास होता है कि हम भी इसी स्वतंत्र प्रकृति के अंग हैं। दौड़ने, हाँफने, टहलने के बाद थक कर सारनाथ के खंडहर वाले पार्क में घने नीम वृक्षों के नीचे किसी बेंच्च पर बेफिक्र हो बैठकर घण्टों प्रकृति का नजारा लेना, आनन्द दायक है।
खण्डहर के एक कोने में वेलेंटाइन जोड़े हीरो-हीरोइन की तरह फोटू हिंचा रहे थे। तैयारी से आये लगते थे। कपड़े बदलते और नए कपड़े में नई तस्वीरें खिंचाते। मैं उन्हें देखने में मशगूल था और सोच ही रहा था कि इनमें वेलेंटाइन वाली नेचुरल फीलिंग नहीं है भले ही ये फेसबुक में फोटो चिपकाएं तो बड़े रोमांटिक जोड़े नजर आएं कि तोतों के जोड़े नीम की शाख पर टाँय-टाँय करने लगे। उनके टाँय-टाँय से ध्यान भंग हुआ और उन्हें ही देखने लगा। एक लहराती, पतली शाख पकड़ कर झूलने और कलाबाजी खाते हुए टाँय-टाँय करने लगा और दूसरा उसे देख कर टाँय-टाँय करने लगा। दोनों में कौन तोता, कौन तोती ये अपने पल्ले नहीं पड़ा लेकिन असली वेलेंटाइन जोड़े लग रहे थे। बगल में खड़ा एक थाई जोड़ा चिंग-मिंग, चियाऊं-मियाऊं कर रहा था लेकिन जैसे टाँय-टाँय का मतलब नहीं समझा वैसे चियाऊं-मियाऊं भी नहीं समझा।
एक गिलहरी मेरे कदमों के पास से कुछ मुँह में दबा कर भाग गई और सरपट दौड़ती, अपने साथी के बगल में बैठ दोनों हाथों से पकड़ कर खाने लगी। इन्हें देख एक बात समझ में आती है कि खाने के मामले में ये कभी एक-दूसरे को कुछ शेयर नहीं करते। इस मामले में मनुष्य इनसे श्रेष्ठ प्राणी हैं।
एक थाई बच्चा लॉन में ही एक ओर खड़ा होकर, हिलते हुए बनारसी अंदाज में सू-सू करने लगा! उसकी मम्मी दौड़ते हुए आईं और उसे चपत लगाते हुए डाँट कर सभ्यता सिखाने लगी। अपने साथियों के बीच मम्मी शर्मसार होते हुए चीं-चां और अपने साथियों के बीच बच्चा हीरो बना ही-ही कर रहा था।
पौधों में बसन्ती बहार थी। भौरे गुनगुना रहे थे। दो सहेलियाँ बड़ी अदा से एक दूसरे की तस्वीरें खींच रहीं थीं। रह रह कर गेट की तरफ उचक/मचल कर देखतीं फिर फोटो खिंचाने में मशगूल हो जातीं। शायद उन्हें किसी की प्रतीक्षा थी।
धमेख स्तुप से नीम की शाख तक कबूतरों, कौओं और तोतों का आना-जारी था। मृगों के झुण्ड वैसे ही घास के लालच में बाउंड्री के उस पार ललचाई नजरों से टुकुर-टुकुर ताक रहे थे। मोर के इर्द-गिर्द मोरनियां न जाने क्या चुग रहीं थीं। एक कौआ एक हिरन की पीठ की सवारी कर रहा था। कौए तो कौए हैं कहीं भी बैठ जाते हैं। इनके लिये क्या हिरन, क्या भैंस! क्या संसद भवन, क्या गांधी जी की मूर्ती!!!

16.10.16

सुबह की बातें-2


यह धमेख स्तूप है. आज सुबह उसी के सामने लगभग २०० मीटर की दूरी पर बैठा था बेंच्च पर. सोचा एक तस्वीर खींच लूँ. खुद ही खुद की. मैंने इस खुदी को नाम दिया 'खुद्दम' अंग्रेजी वाले इसे कहते हैं ..selfie . मैं और मेरा साया, कोई दूसरा आदमी नहीं था बेंच पर. और दूसरे बहुत से साथी थे. नीम के कई घने पेंड़, इसमें दौड़ते गिल्लू, शाख पर बैठे तोते, घांस पर फुदकती मैना, पीछे डीयर पार्क में हिरण, कौए, कबूतर, मोर और भी दूसरे पंछी. साया भी तब नजर आने लगा जब सूर्यदेव निकले. उजाला न हो तो साया भी साथ नहीं होता. दौड़ने और टहलने के बाद यहाँ बैठकर आदमी और आदमी की बातों से दूर पंछियों की बातें सुनना, मृगों के साथ कौओं की शरारत देखना अच्छा लगता है.

आज जब मैं आया तो सबसे पहले मोर अपने पंख फैलाकर उड़ भागा फिर गिलहरियाँ नीम की शाख पर छिपकली की तरह सर-सर दौड़तीं पत्तों में छुप कर मुझे देखने लगीं, काले कौए ने कांव-कांव करी और तोते फुर्र से उड़ गए! आदमी कितना हेय प्राणी होता है!!! जिसे देखते ही सब भाग खड़े होते हैं. मुझे लगता है कि सब मुझे पहचानने लगे हैं. कभी निडर हो कुछ पास भी आ जाते हैं लेकिन फिर भी उनका विश्वास अर्जित नहीं कर पाया. मानव तन में तो यह आजीवन संभव नहीं लगता. बड़े भाग मानुष तन पायो! उंह! क्या भाग्य जब ये अराजनीतिक प्राणी मुझ पर विश्वास ही नहीं करते?
...........
धूप निकल आई है। छाँव है घने नीम के नीचे। चहुँ ओर आनंद की वर्षा का आलम है। एक तोता नीम की शाख से हवा में तैरता हुआ अनार के पौधों के बीच-बीच से निकलता हुआ फिर नीम में गुम हो गया। जाते-जाते उसने खण्डहर पर बैठी कौवी को आँख मारी या टाँय से छेड़ दिया कि साथी कौआ देर तक उसी दिसा में मुँह कर काँव-काँव करता रहा। कौए के चोंच इतनी चौडा़ई में खुलते, बंद होते कि लगा खा ही जायेगा तोते को। तोते की तरफ से फिर टाँय-टाँय की आवाज आई और कौआ पंख फैलाकर उड़ता हुआ घुस गया उसी नीम के पेंड़ पर। इधर कौवीउड़ी और हिरण के गरदन के ऊपर बैठ उसके कान में कुछ कहने लगी। हिरण ने हौले-हौले मुंडी हिलाई। कौवी संतुष्ट हो कौए की तलाश में उधर ही उड़ चली।

मार्निंग वाक करने वाले जा चुके। लाउड स्पीकर से समझ में न आने वाली भाषा में बुद्ध की स्तुती सुनाई पड़ रही है। मैं मौन रह कर बुद्ध के संदेश याद करने का प्रयास कर रहा हूँ। यहाँ, धमेख स्तूप और बुद्ध मंदिर के आस-पास सुख ही सुख है, कहीं कोई दुखी नहीं। संसार में फैला दुख मनुष्य के कर्मों का फल है। जैसे बुद्ध को सत्य का ग्यान हुआ और उन्होने संसार में आनंद की वर्षा की वैसे ही मूढ़, अभिमानी मनुष्यों के कर्मो से दुसरे निर्दोष प्राणी भी दुखी होते हैं।
कुछ पर्यटकों का झुण्ड है पार्क में। कुछ जोड़े फोटू-सोटू खिंचा रहे हैं प्रेम से। कुछ लड़के बढ़िया कैमरा ले कर फोटोग्राफी कर रहे हैं। एक लड़का दौड़ता हुआ आया और बोला-अंकल-अंकल आपकी बहुत सुंदर तस्वीर खींची है हमने। हमने उनको धन्यवाद के साथ अपना फोन नम्बर दिया। फोटो आया तो बताऊँगा उन्हें कि मैं बेचैन आत्मा हूँ। अभी नहीं बताया नहीं तो समझते अंकल बेवकूफ बना रहे हैं।

12.6.16

बरखा रानी! तुम कब आओगी?



बरखा रानी! तुम कब आओगी? अभी चार दिन पहले की बात है. रात का समय था. धूल भरी आँधी में वृक्ष की शाखों से झर-झर झर रहे थे सूखे पत्ते. बिजली चमकी थी. बादल गरजे थे. क्या अदा से आई थी तुम! मैंने तुम्हारे स्वागत में गीत भी लिखे थे.. पहली बारिश में. तुम एक घंटे के लिए आई और मैं पूरी रात भीगता रहा. पहली के बाद फिर दूसरी नहीं हुई. हाय! तुझे किसकी नजर लग गई? तुझे याद करते हैं अभी तक मेरी गली के गढ्ढे. तू फिर कब आयेगी मेरी दामिनी?
मेरे शहर में सूरज इतना आग उगल रहा है कि दो दिन की छुट्टियाँ घर में कैद हो बीत गईं. सुबह ज़रा सी आँख क्या लगी, सबेरा उड़न छू हो गया! आँख खुलते ही देखा मार्निंग, गुड बाय करता भगा जा रहा है और घरों की लम्बी परछाइयां उसे पकड़ने का असफल प्रयास कर रही हैं. जल्दी-जल्दी तैयार हो कर साइकिल निकाला तो सूरज हंसने लगा...अब निकले हो बच्चू! अभी तुम्हें पसीने से ऐसा नहलाता हूँ कि सारी मार्निंग वाक भूल जाओगे. गई तुम्हारी मार्निंग, रात के संग. अब मेरा साम्राज्य है!
मैंने बादलों की ओर कातर भाव से देखा दूर-दूर तक नीला आकाश और खिलखिलाता सूरज. मुझे गुस्सा आया...ठहरो! इतना आग मत उगलो. अभी असाढ़ है, आगे....सावन, भादों . तुम्हें कीचड़ में डुबो कर गेंद की तरह खेलेंगे गली के बच्चे. मेरे देश में किसी की तानाशाही नहीं चलती. सूरज और ठठाकर हंसने लगा. मैं सकपका कर साइकिल और तेज चलाने लगा.
चाय-पान की दूकान पर मेरी साइकिल खड़ी हुई तब तक मैं पसीने से नहा चुका था. मार्निंग वाक का नशा उतर चुका था. पान वाला मुझे देख हंसने लगा-पंडित जी! दुपहरिया में मार्निंग वाक होला? मैंने उसे चुप कराया...पढ़ल-लिखल त हउआ नाहीं. विटामिन डी लेवे बदे दुपहरिया में घूमल जाला. वो भी कहाँ मानने वाला था... जाड़ा में विटामिन डी लिया, अभहिन चा.. पीया और घरे जा के सूता. लू लग जाई त कुल भुला जाई.
हे बरखा रानी! वो सुबह थी और यह शाम होने का समय. पारा वैसे ही चढ़ा हुआ है. कमरे से बाहर निकलते ही लगता है जैसे आग जल रही है. जांयें तो कहाँ जाएँ ? इतनी विशाल धरती के होते हुए भी हम घर में कैद हो कर रह गए. तुम कब आओगी? आओ तो अपनी भी सांस आये. सूख रहे पौधों में जान आये. पंछियों का कलरव गान आये. बच्चे वाट्स एप में कितना लिखेंगे..मिस यू, लव यू, ? आओ तो फिर हसीन शाम आये. मेंढक-झींगुरों की जुगलबंदी में राग बरसाती सुने पूरे एक बरस हुये. आओ बरखा रानी! केरल को छोड़, अपने पूर्वी उत्तर प्रदेश में आओ..यहाँ तुम्हारे स्वागत में नव अंकुरित होने वाले कवियों की पूरी फ़ौज मिलेगी. तालाब भले ही भू-माफियाओं ने हड़प लियें हों, बीच सडक में बड़े-बड़े गड्ढे तो हैं ही. नयी बनी कालोनियों के हसीन आँगन-दरवाजे तुम्हारी राह तक रहे हैं. आओ! जो मान तुम्हें केरल में न मिला, हमारे उत्तम प्रदेश में मिलेगा.